छत्तीसगढ़

24 टन कोयला लेकर निकला ट्रक पहुंचा ईंट भट्ठों तक, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
31 Oct 2026 3:43 PM IST
24 टन कोयला लेकर निकला ट्रक पहुंचा ईंट भट्ठों तक, बिहार से आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने कोयला परिवहन के दौरान लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत घरघोड़ा पुलिस ने 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे अन्यत्र बेचने के आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाकर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की शुरुआत जनवरी 2026 में हुई थी। रायगढ़ के ढिमरापुर स्थित राज ट्रांसपोर्ट द्वारा जामपाली कोयला खदान से जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित आरसमेटा प्लांट तक कोयला पहुंचाने का सौदा किया गया था। इसके लिए ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 के चालक से 700 रुपये प्रति टन की दर से परिवहन का अनुबंध तय हुआ था। निर्धारित व्यवस्था के तहत ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड किया गया और वाहन को अकलतरा प्लांट के लिए रवाना कर दिया गया।
लेकिन अगले दिन तक ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। ट्रांसपोर्ट संचालक ने चालक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। लगातार कोशिशों के करीब 10 दिन बाद जब चालक से संपर्क हुआ तो उसने कथित तौर पर कोयला दूसरी जगह बेच देने की बात स्वीकार की। शिकायत के मुताबिक, चालक ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर लो। इस घटना से ट्रांसपोर्ट संचालक को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। मामले में बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय ने 8 मई 2026 को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(3) में धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यासभंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपी के मोबाइल नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच में जानकारी मिली कि आरोपी बिहार के रोहतास जिले में अपने गांव में छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने विशेष टीम को बिहार भेजने के निर्देश दिए।
सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद घेराबंदी कर आरोपी ललन कुमार पासवान, उम्र 57 वर्ष, निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास, बिहार को हिरासत में ले लिया। आरोपी को विक्रमगंज स्थित सक्षम न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसके बाद पुलिस टीम उसे रायगढ़ लेकर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने परिवहन के लिए मिले कोयले को निर्धारित प्लांट तक पहुंचाने के बजाय अलग-अलग ईंट भट्ठा संचालकों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक उधोराम पटेल और मनोज जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story