छत्तीसगढ़

नशे में बस चला रहे थे दो चालक, दुर्ग यातायात पुलिस ने स्कूल और यात्री बस जब्त की

SHIDDHANT
7 Sept 2026 10:53 PM IST
नशे में बस चला रहे थे दो चालक, दुर्ग यातायात पुलिस ने स्कूल और यात्री बस जब्त की
x
छग
Durg दुर्ग। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में बस चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों बसों को जब्त कर चालकों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को चीखली चौक पर यातायात पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने बस चालकों की जांच की। जांच में दो चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए चालकों में एक कृष्णा पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 07 CT 0968 का चालक था, जबकि दूसरा दुर्ग से कवर्धा मार्ग पर संचालित दुर्ग रोडवेज की यात्री बस क्रमांक CG 07 E 1762 का चालक था। यातायात पुलिस ने दोनों बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया और चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू की। दोनों चालकों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क हादसों का बड़ा कारण बन सकता है। खासकर स्कूल बस और यात्री बस चालकों की जिम्मेदारी अधिक होती है, क्योंकि उनके वाहन में बड़ी संख्या में बच्चे और यात्री सफर करते हैं।
दुर्ग यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी स्कूल बस और यात्री बस चालकों की जांच जारी रहेगी। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस ने कहा कि ऐसा करने से चालक की अपनी जान के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। पुलिस ने स्कूल बस और यात्री बस संचालकों से भी अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके चालक पूरी तरह स्वस्थ और नशामुक्त अवस्था में ही वाहन चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story