छत्तीसगढ़
जम्मू-कश्मीर से बरामद हुई 2 नाबालिग बालिकाएं, दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
20 Aug 2026 11:02 PM IST

x
छग
Bilaigarh. बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बिलाईगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से अपनी बेटियों की तलाश कर रहे परिवारों को राहत मिली है।
अलग-अलग मामलों में दर्ज हुई थी गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पहले मामले में 20 जनवरी 2026 को एक पीड़िता की माता ने थाना बिलाईगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में 23 मार्च 2026 को एक नाबालिग बालिका के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी रात में बिना बताए घर से गायब हो गई है। परिजनों ने भी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। दोनों मामलों में थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू की थी।
तकनीकी जांच से मिली जम्मू-कश्मीर की जानकारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बालिकाओं की तलाश के लिए तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों नाबालिग बालिकाएं जम्मू-कश्मीर में मौजूद हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सारंगढ़ सुनील शर्मा ने तत्काल टीम गठित कर बालिकाओं को सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी बिलाईगढ़ ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को जम्मू-कश्मीर रवाना किया।
जम्मू-कश्मीर से दोनों बालिकाओं को किया बरामद
पुलिस टीम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर पटेल, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा और महिला आरक्षक फुलकारी कुर्रे शामिल थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बालिका को आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से नागमणि, जिला जम्मू से बरामद किया। वहीं, दूसरी बालिका को आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से ओमपुरा, जिला बड़गांव, जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद किया गया। दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बिलाईगढ़ थाना लाया गया।
पूछताछ में सामने आई आरोपी की करतूत
पुलिस के अनुसार, बालिकाओं से पूछताछ में उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। उन्होंने मंदिर में शादी करने की बात कहते हुए उनके साथ दुष्कर्म किया। बालिकाओं के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में
रोशन बंजारे, पिता गंगा राम बंजारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी, थाना बिलाईगढ़।
शिवा पटेल, पिता रामायण पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम तेंदुमुडी, थाना बिलाईगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में बिलाईगढ़ थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने तकनीकी जांच, मुखबिर सूचना और लगातार प्रयासों के बाद दोनों बालिकाओं को दूसरे राज्य से सुरक्षित बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
Tagsबिलाईगढ़ पुलिस कार्रवाईजम्मू कश्मीर से बालिका बरामदनाबालिग अपहरण मामलादुष्कर्म आरोपी गिरफ्तारसारंगढ़ बिलाईगढ़ पुलिसबालिका सुरक्षापुलिस रेस्क्यू ऑपरेशनछत्तीसगढ़ क्राइम न्यूजआरोपी जेल भेजे गएबिलाईगढ़ थानाBilaigarh police actiongirl recovered from Jammu & Kashmirminor abduction caserape accused arrestedSarangarh-Bilaigarh policegirl's safetypolice rescue operationChhattisgarh crime newsaccused sent to jailBilaigarh police station.
Next Story





