छत्तीसगढ़
जादू-टोना के शक में ग्रामीण की बोलेरो से कुचलकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
1 Oct 2026 11:31 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक और पुरानी रंजिश के चलते 68 वर्षीय ग्रामीण की कथित रूप से बोलेरो से कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद मुख्य आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामला ग्राम जामपानी सरबकोम्बो का है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को जोयो राम उम्र 68 वर्ष की मौत की सूचना मिलने पर थाना बगीचा में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया।
पंचनामा के दौरान मृतक के सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की और मृतक के परिजनों तथा आसपास के गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि जोयो राम की मौत सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं थी। पुलिस के मुताबिक उसे बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 से जानबूझकर टक्कर मारने की बात सामने आई। इसके बाद हत्या की आशंका पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।
पुलिस जांच में पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई। आरोप है कि गांव के दीपक यादव, उसके पिता और चाचा मृतक जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने और टोनही होने का आरोप लगाते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले दो से तीन वर्षों से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। गांव के एक बैगा द्वारा भी इस तरह का आरोप लगाए जाने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस ने जांच के दौरान दीपक यादव पिता कुरशो यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी जामपानी सरबकोम्बो को 1 अक्टूबर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 29 सितंबर को जोयो राम की हत्या करने की योजना बनाई गई थी। शाम करीब चार बजे वह अपने चाचा की बोलेरो वाहन लेकर डाहीडांड़ की ओर गया था। इसी दौरान जोयो राम मेन रोड से करीब पांच से दस मीटर की दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़ा था। आरोप है कि दीपक ने वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और जानबूझकर जोयो राम को बोलेरो से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से जोयो राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि पूरी घटना सामान्य सड़क दुर्घटना जैसी दिखाई दे।
पुलिस ने जांच के दौरान घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए और आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है। मामले में आरोपी के पिता और चाचा की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। पूरे मामले की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज और प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की विवेचना कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी योजना और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।
Next Story





