
जशपुर। जिले में मामूली विवाद के बाद बेटे ने पिता की हत्या कर दी। आरोपी बेटा शराब पीकर घर पहुंचा था, इसी बात को लेकर पिता से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने लकड़ी के फाड़ी से पीट-पीटकर पिता की जान ले ली। दरअसल, 16 जुलाई को प्रार्थी अजय कुमार नाग ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वे तीन भाई है उनका एक भाई बाहर राज्य में काम करता है। गांव में वह अपने पत्नी बच्चों व अपने माता-पिता के साथ रहता है। बड़ा भाई आरोपी पूना राम नाग भी उन्हीं के साथ रहता है, जिसकी शादी नहीं हुई है।
16 जुलाई को वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ खेती का काम करने खेत गया था, घर में उसके माता-पिता ही थे। शाम करीब 4 बजे पीड़ित के बड़े पिताजी के बेटे ने उसे आकर बताया कि चाचा बंधु नाग को भाई पूना राम ने लकड़ी की फाड़ी से मारकर हत्या कर दिया है। पीड़ित अपनी पत्नी व बच्चों के साथ घर पहुंचा और देखा तो आंगन में पिताजी मृत अवस्था में पड़ा था। खून निकल रहा था। मां से पूछने पर बताई कि उसका बड़ा भाई आरोपी पूना राम शराब के नशे में घर आया और अपने पिताजी से लड़ाई झगड़ा कर आंगन में पड़ी लकड़ी की फाड़ी से सिर में हमला कर उसकी हत्या कर दिया।
इस रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में आरोपी के खिलाफ धारा 103 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। साथ ही कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि शाम करीब 4 बजे वह शराब पीकर घर आया था, उसी दौरान उसके पिताजी के द्वारा काम धाम नहीं करते हो कहने पर वह लड़ाई झगड़ा करने लगा। आवेश में आकर उसने अपने पिताजी के सिर व कनपटी में लकड़ी की फाड़ी से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी को जब्त कर लिया है। आरोपी पूना राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





