छत्तीसगढ़

चरित्र शंका पर पत्नी की बेरहमी से हत्या, टांगी और डंडे से पीटा, छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार

SHIDDHANT
10 Nov 2026 11:37 PM IST
चरित्र शंका पर पत्नी की बेरहमी से हत्या, टांगी और डंडे से पीटा, छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र के रनपुर गांव में पति ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी की टांगी के पिछले हिस्से और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। मृतका की पहचान इन्द्रमुनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति कोलो राम (43) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लरंगा स्थित बालक छात्रावास में प्रभारी अधीक्षक है।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे कोलो राम अपने रनपुर स्थित घर पहुंचा। उसने पत्नी के कमरे में जाकर चरित्र पर शक करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने टांगी के पासे से पत्नी की पीठ पर दो वार किए। इसके बाद उसे घर से बाहर खींचकर पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से पीटा।
बेटे के सामने मां की बेरहमी से पिटाई
घटना के दौरान महिला के बेटे रोशन कुमार और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। किसी तरह महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया गया। घायल इन्द्रमुनी को उसके दोनों बेटों ने घर लाकर सुला दिया। कुछ देर बाद आरोपी पत्नी को इलाज के लिए बोलेरो से ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। रात करीब चार बजे वह वाहन लेकर घर लौटा। सुबह छह बजे बेटे ने बोलेरो का दरवाजा खोला तो उसकी मां बीच वाली सीट पर मृत मिली। आरोपी वहां मौजूद नहीं था।
दूसरी महिला के साथ रह रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, कोलो राम करीब एक साल पहले दूसरी महिला को पत्नी बनाकर पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगा था। इन्द्रमुनी अपने दोनों बेटों के साथ रनपुर में रहती थी। आरोपी गांव आने पर उससे विवाद करता था।
हथियार और बोलेरो जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
बेटे रोशन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर टांगी, डंडा और बोलेरो जब्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
Next Story