छत्तीसगढ़

AICCU की कार्रवाई पर वाहन चोर युवक और नाबालिग गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Sept 2026 10:12 PM IST
AICCU की कार्रवाई पर वाहन चोर युवक और नाबालिग गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में घूम-घूमकर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक और विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। दोनों के कब्जे से चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपए है। आरोपियों ने मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर अलग-अलग क्षेत्रों से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम ने वाहन चोरी वाले क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। इसके अलावा मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को विशेष टीम और मौदहापारा पुलिस थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को बिना नंबर की एक्टिवा में सवार दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम कुनाल सोनी निवासी गुढ़ियारी रायपुर बताया, जबकि दूसरा विधि के साथ संघर्षरत बालक पाया गया।
पुलिस ने दोनों से एक्टिवा वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने एक्टिवा चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों से आगे पूछताछ करने पर उन्होंने दोपहिया वाहन चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया। उन्होंने थाना मौदहापारा क्षेत्र से एक और थाना देवेंद्र नगर क्षेत्र से दो अन्य वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी के कुल चार दोपहिया वाहन बरामद किए। इनमें एक्टिवा क्रमांक CG-04-DM-1180, एक्टिवा क्रमांक CG-04-LD-4393, एक्टिवा क्रमांक CG-04-LK-4092 और डियो क्रमांक CG-04-NV-4386 शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 124/26 और 138/26 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी कुनाल सोनी पिता स्वर्गीय रविशंकर सोनी, उम्र 20 वर्ष, निवासी राम नगर लक्ष्मण नगर गली नंबर-1, पुलिस चौकी राम नगर, थाना गुढ़ियारी रायपुर है। वहीं दूसरा आरोपी विधि के साथ संघर्षरत बालक है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी और अन्य अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story