हरियाणा

कार से भारी मात्रा में चरस बरामद, चालक की तलाश जारी

Admindelhi1
17 Oct 2026 10:49 AM IST
कार से भारी मात्रा में चरस बरामद, चालक की तलाश जारी
x
पुलिस ने कार से बरामद की 3 किलो 15 ग्राम चरस

जींद: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फतेहाबाद यूनिट ने नरवाना के शास्त्री नगर स्थित गोगा मेड़ी वाली गली में एक स्विफ्ट कार से तीन किलो 15 ग्राम चरस बरामद की है। कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चरस को कब्जे में ले मामले की जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट इंचार्ज एसआई तरसेम सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए नरवाना क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि नई बाल्मीकि बस्ती, टोहाना रोड नरवाना निवासी सन्नी अपने साथी के साथ सफेद स्विफ्ट कार में चरस लेकर आया है और नरवाना क्षेत्र में सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर टीम ने टोहाना रोड और शास्त्री नगर क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी। पुलिस की निगरानी के कारण आरोपित अपनी गाड़ी शास्त्री नगर ले गया। पुलिस ने गाड़ी का पीछा करते हुए गोगा मेड़ी वाली गली में पहुंच कर कार को घेरा। इससे पहले की पुलिस पहुंचती चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। कार की तलाशी के दौरान बोनट के नीचे वाइपर के पास लगे प्लास्टिक कवर से छह मोमी लिफाफे मिले। इनमें कुल तीन किलो 15 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस, कार और संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया। शहर थाना नरवाना पुलिस ने सन्नी के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार सन्नी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है।

Next Story