
फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड स्थित अग्रवाल कॉलोनी मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां खड़ी एक इटियास कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी कार जलकर खाक हो गई। हालांकि कार में मौजूद दो युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर की यह कार अग्रवाल कॉलोनी में किराये पर रहने वाले एक व्यक्ति की थी। कार मालिक एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपने एक साथी के साथ कार में बैठकर बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान अचानक कार के अंदर से धुआं निकलने लगा। दोनों युवकों ने जब स्थिति को समझा तो बिना देर किए कार से बाहर निकल गए। इसके बाद उन्होंने आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी।
बताया जा रहा है कि कार में आग लगने के बाद उसका कंप्रेसर फट गया, जिसके कारण लपटें और तेज हो गईं। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों युवकों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि वे उस पर काबू नहीं पा सके।
कुछ ही मिनटों में कार आग के गोले में बदल गई और पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। रात का समय होने के कारण आसपास ज्यादा लोगों की आवाजाही नहीं थी, जिससे आग बुझाने में भी देरी हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
शनिवार सुबह जब राहगीरों ने भट्टू रोड पर जली हुई कार देखी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार मालिक से संपर्क कर घटना की जानकारी जुटाई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में कार में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन में अचानक आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपनी गाड़ियों की सर्विसिंग करवाएं और वायरिंग व अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच जरूर कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि कार में बैठे दोनों युवक समय रहते बाहर निकल गए, वरना हादसा और गंभीर हो सकता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





