Sonipat: सोनीपत KMP पर हादसे में तीन मजदूरों की गई जान, नौ घायल

सोनीपत: सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी ईको गाड़ी ट्रक से टकरा गई। गोपालपुर गांव के पास गुरुवार सुबह करीब पांच बजे हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत 12 लोग झज्जर की ओर बाजरा काटने जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे गोपालपुर गांव के पास उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बड़ेपुरा निवासी रामनरेश शामिल हैं, जबकि दो मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। दो शवों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एक शव क्षतिग्रस्त ईको में फंस गया था, जिसे पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
हादसे में घायल विवेक, छोटू, हरिशंकर, खुशहाली, फातिलाल, महेंद्र पाल, संजीव, प्रमोद और नेवाराम सभी बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं। सभी घायलों को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर है और कई घायल बेहोशी की हालत में बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ ईको में फंसे शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





