- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- शिमला में राव दान सिंह...
शिमला में राव दान सिंह का बड़ा बयान, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

शिमला: कांग्रेस के जिला शिमला प्रभारी एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री राव दान सिंह ने भाजपा और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बुधवार को शिमला स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कथित वोट चोरी के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप भी लगाया।
राव दान सिंह ने बताया कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर पार्टी ने 'देश बचाओ, वोट बचाओ' अभियान शुरू किया है। इसके तहत गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को मतदान के अधिकार और मतदाता सूची में नाम की जांच के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के कारण करीब 13 करोड़ लोगों का मताधिकार प्रभावित हुआ है। हालांकि, यह कांग्रेस नेता का दावा है। उन्होंने चुनाव आयोग के अन्य सदस्यों की कथित आपत्तियों की अनदेखी किए जाने का आरोप भी लगाया।
राव दान सिंह ने कहा कि कांग्रेस चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगी, बल्कि कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ अभियान जारी रखेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी एसआईआर प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रही, बल्कि इसमें किए गए कथित बदलावों पर आपत्ति जता रही है।
सोनिया गांधी की पुस्तक पर हो रही टिप्पणियों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के अनुभवों को सामने रखा है। कांग्रेस नेता ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।





