- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- सतर्कता सप्ताह पर...
सतर्कता सप्ताह पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने रखे विचार

कठुआ: राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़हीन में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दूसरे दिन वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार, पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत बनाने में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद कौशल और भ्रष्टाचार के सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मनु सैनी और आईक्यूएसी सदस्य डॉ. रीमी वर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. अरुण देव सिंह, प्रो. अनूप शर्मा, डॉ. मुनीषा देवी, डॉ. शल्लू रानी, रोशन लाल शर्मा, प्रो. सुमन और प्रो. दीक्षा सहित कॉलेज के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।





