मध्य प्रदेश

भोपाल में गोकशी गिरोह का खुलासा, बाप-बेटे और दामाद गिरफ्तार

Saba Naaz
17 July 2026 9:41 PM IST
भोपाल में गोकशी गिरोह का खुलासा, बाप-बेटे और दामाद गिरफ्तार
x

भोपाल: पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे बूचड़खाने का बड़ा खुलासा किया है। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में डेयरी की आड़ में कथित तौर पर गोकशी किए जाने का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पिता, बेटा और दामाद शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से डेयरी की आड़ में अवैध गतिविधियां चला रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से गोमांस, एक गाय का धड़ और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह कार्रवाई भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमल नगर इलाके में की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजीज, उसका बेटा आसिफ और दामाद जुबैर अवैध डेयरी संचालित कर रहे थे। इसी डेयरी की आड़ में कथित रूप से गोकशी की जा रही थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी कितने समय से इस गतिविधि में शामिल थे और इनके संपर्क किन लोगों से थे।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी थी कि इलाके में अवैध रूप से बूचड़खाना चलाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री मिली, जिसके बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर शहर की सड़कों पर घूमने वाली गायों को चोरी कर अपने ठिकाने पर लाते थे। इसके बाद उनका वध कर मांस बेचने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि चोरी की गई गायों को कहां-कहां से लाया जाता था और मांस की सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी।

निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपियों ने डेयरी के नाम पर जमीन पर अवैध कब्जा भी किया था। इस संबंध में प्रशासन को सूचना दी गई है। प्रशासन की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई स्तरों पर की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गोमांस की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में रहने वाले कुछ लोगों ने भी पुलिस के सामने शिकायतें दर्ज कराई हैं। कमल नगर क्षेत्र के निवासी श्रमिक सतेंद्र ने थाने में शिकायत देकर बताया कि पिछले तीन महीनों में उसकी चार गायें चोरी हो चुकी हैं। उसने आरोप लगाया कि चोरी हुई गायों को संभवतः इसी गिरोह द्वारा निशाना बनाया गया होगा।

सतेंद्र का कहना है कि इलाके में कई अन्य लोगों के मवेशी भी लगातार चोरी हो रहे हैं। पुलिस अब इन सभी शिकायतों को जांच में शामिल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि चोरी हुई गायों और आरोपियों के बीच कोई संबंध मिलता है तो आगे और कार्रवाई की जाएगी।

भोपाल पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन अब ऐसे स्थानों की पहचान कर कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं, जहां नियमों के खिलाफ डेयरी या अन्य गतिविधियों की आड़ में अवैध काम किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Next Story