मध्य प्रदेश

MP News: हाथियों का झुंड पहुंचा, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Sarita
10 Oct 2025 9:33 AM IST
MP News: हाथियों का झुंड पहुंचा, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
x
MP News: उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र अंतर्गत भौतरा बीट के बिजौरा गांव में गुरुवार सुबह हाथियों का एक बड़ा झुंड पहुंच गया। अचानक खेतों के किनारे और नालों के पास इन विशालकाय जानवरों को घूमते देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार झुंड में 12 से 13 हाथी शामिल हैं, जिनमें एक लगभग 10 से 15 दिन का नवजात शावक भी है।
जैसे ही ग्रामीणों ने झुंड को खेतों की ओर बढ़ते देखा, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही उपवन मंडल अधिकारी के नेतृत्व में पाली और घुनघुटी रेंज का संयुक्त स्टाफ मौके पर पहुंचा। वन अमले ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ दिया। वन अधिकारियों ने बताया कि झुंड में शामिल एक नर हाथी के गले में रेडियो कॉलर लगा है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) की मॉनिटरिंग टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही है। इससे झुंड की गतिविधियों पर रियल-टाइम नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे या नुकसान से पहले ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
हाथियों की बढ़ती गतिविधि को देखते हुए वन विभाग ने बिजौरा, भौतरा, लमकना और आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। बीटीआर और घुनघुटी रेंज के अधिकारी एक-दूसरे के संपर्क में हैं ताकि झुंड की दिशा और गतिविधियों की सटीक जानकारी मिलती रहे।
वन विभाग ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में हाथियों के पास न जाएं और फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। यदि झुंड दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी वन कार्यालय या हेल्पलाइन को सूचना दें। विभाग ने कहा है कि हाथियों की सुरक्षा और मानव जीवन दोनों को बचाना प्राथमिकता है, इसलिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की जाती है।
Next Story