मध्य प्रदेश

MP News: बीच बाजार में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी भीषड़ आग

Sarita
27 Jun 2025 11:28 AM IST
MP News: बीच बाजार में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी भीषड़ आग
x
MP News: दमोह जिले के हटा बड़ा बाजार स्थित बालाजी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग बगल में स्थित ज्वेलरी की दुकान तक पहुंच गई। इलेक्ट्रॉनिक दुकान से धुआं निकलता देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त दुकान में कर्मचारी थे जिन्होंने दुकान मालिक बलराम सराफ को सूचना दी, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। चारों तरफ धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। नगर पालिका में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन कुछ ही दूरी पर स्थित नगर पालिका करीब एक घंटे तक फायर ब्रिगेड नहीं भेज सकी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।
तब तक सरवीर सरदार के बेटे की ज्वेलरी की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। टैंकर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। दुकान के पीछे की खिड़की से पानी डालकर आग बुझाई गई, जो नाकाफी साबित हुई। अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। इसमें दुकानदार को लाखों रुपए का नुकसान हो गया। कई बार छोटे-छोटे धमाकों की आवाज सुनाई दी। सभी दुकानदारों ने मिलकर आग बुझाई। आग का विकराल रूप देख पास की जूता दुकान को भी तत्काल खाली करा दिया गया, ताकि अन्य दुकानें आग की चपेट में न आ जाएं। ज्वैलरी दुकान में रखा पूरा फर्नीचर और सामान भी आग की चपेट में आ गया।
ज्वैलरी खराब होकर बिखर गई। सामान जलकर फर्नीचर में अलग-अलग दिखाई दे रहा था। करीब एक घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। आग लगने के बाद पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची और न ही आग के बारे में कोई जानकारी ली। जबकि जिस स्थान पर आग लगी, वह शहर का सबसे संकरा और व्यस्ततम मार्ग है। आग लगने का कारण अज्ञात है। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है।
Next Story