मध्य प्रदेश

MP News: मिनी ट्रक ने तीर्थयात्रियों को मारी टक्कर , एक की मौत, छह घायल

Sarita
31 July 2025 7:52 AM IST
MP News: मिनी ट्रक ने तीर्थयात्रियों को मारी टक्कर , एक की मौत, छह घायल
x
MP News : बुधवार रात ओंकारेश्वर से जल भरकर उज्जैन जा रहे कांवड़ियों के एक समूह को एक मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें छह कांवड़िये घायल हो गए, जबकि एक की मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर है। घायलों को देखने के लिए अधिकारी भी अस्पताल पहुँचे। घटना के बाद पुलिस ने मिनी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। वाहन को जब्त कर थाने भेज दिया गया है।
घायल कांवड़िये इंदौर के राज नगर और नगीन नगर के रहने वाले हैं। वे पिछले हफ्ते यात्रा पर निकले थे और ओंकारेश्वर से जल भरकर उज्जैन जा रहे थे। रास्ते में चोरल के पास एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद अन्य वाहनों की मदद से हादसे का शिकार हुए कांवड़ियों को इंदौर लाया गया, लेकिन रास्ते में ही एक कांवड़िये की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी एमवाय अस्पताल पहुँच गए हैं। हादसे में आदर्श नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि यश के पिता संदीप को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में जितेंद्र पिता प्रेमनारायण, विकास पिता बाबूलाल, शुभम पिता सुरेश, दुर्गेश पिता विजय और ध्रुव पिता सत्यनारायण घायल हो गए।कावड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने इंदौर-खंडवा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा रखी है ताकि कोई दुर्घटना न हो, लेकिन इसके बावजूद बुधवार रात एक मिनी ट्रक की वजह से हादसा हो गया।
Next Story