मध्य प्रदेश

MP News: पुलिस की कार्रवाई, 200 किलो डोडा चूरा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Sarita
7 Jun 2025 12:15 PM IST
MP News: पुलिस की कार्रवाई, 200 किलो डोडा चूरा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
x
MP News: मध्य प्रदेश के जावद थाना क्षेत्र में नयागांव पुलिस ने 200 किलो अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। नयागांव चौकी प्रभारी एसआई मंगल सिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं इसी क्रम में 5 जून को सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा हुआ है, जिसे चालक दीपक पुत्र मुन्नालाल निवासी रेवास देवड़ा जिला मंदसौर चला रहा है और उसका साथी राहुल पुत्र गुनावत कुमावत भी उसके साथ बैठा है।
सूचना पर पुलिस ने निंबाहेड़ा नीमच हाईवे फोरलेन पर नाकाबंदी की तो उस दौरान नीमच की तरफ से एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस की नाकाबंदी देखकर कार चालक ने कार को मोड़ लिया और इंदिरा कॉलोनी होते हुए रेलवे अंडरपास ब्रिज की तरफ भाग गया। पीछा करने पर चालक दीपक व उसका साथी राहुल रेलवे ट्रैक के पास कच्चे रास्ते में कार छोड़कर भाग गए।
कार की तलाशी ली गई तो कार से 200 किलो अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद कर फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गई। इस दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी राहुल पिया गुणावत लाल कुमावत निवासी रेवास देवदा मंदसौर में है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल को मंदसौर से गिरफ्तार कर लिया।
राहुल ने पूछताछ में बताया कि उक्त डोडा चूरा उसे नरेंद्र उर्फ ​​लखन पिता पुरुषोत्तम राठौर निवासी रेवास देवदा जिला मंदसौर ने उपलब्ध कराया था। जिस पर नरेंद्र को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पुलिस फरार कार चालक दीपक की तलाश कर रही है और पकड़े गए आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन शामिल है।
Next Story