मध्य प्रदेश

MP News: तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को कुचला, चार की मौत,कई घायल

Sarita
23 July 2025 7:50 AM IST
MP News: तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को कुचला, चार की मौत,कई  घायल
x
MP News: आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार-बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। शीतला माता मंदिर गेट के पास सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों के एक समूह को एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में चार कांवड़ियों की मौत हो गई, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। कार में सवार सभी लोग भी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई, जिसे संभालने के लिए शहर के चार थानों की पुलिस मौके पर पहुँची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 1 बजे शीतला माता मंदिर के पास कांवड़ियों का एक समूह हाईवे से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर कांवड़ियों को कुचलते हुए हाईवे से नीचे झाड़ियों में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही कई कांवड़िये दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी कांवड़िये ग्वालियर के घाटीगांव क्षेत्र की सिमरिया पंचायत के रहने वाले थे।
मृतकों की पहचान पूरन बंजारा निवासी सिदना का चक सिमरिया, रमेश बंजारा, दिनेश बंजारा (दोनों सिमरिया निवासी) और धर्मेंद्र उर्फ छोटू निवासी घाटीगांव के रूप में हुई है। हादसे में कई अन्य कांवड़िये घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत ग्वालियर के जेएएच ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल, पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
Next Story