मध्य प्रदेश

MP News : ट्रक ने युवक-युवती को रौंदा, चालक फरार

Sarita
3 Aug 2025 8:17 AM IST
MP News :  ट्रक ने युवक-युवती को रौंदा, चालक फरार
x
MP News: नर्मदापुरम-भोपाल मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। नर्मदापुरम निवासी युवक रूपेश शर्मा और युवती दिव्या सोलंकी बाइक से जा रहे थे, तभी बुधनी के पास कालिका ढाबे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा शनिवार दोपहर का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, ट्रक की चपेट में आने से दोनों के शव ट्रक के नीचे आ गए। पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर खून फैला हुआ था और आसपास मौजूद लोग सदमे में थे। स्थानीय नागरिकों ने ट्रक चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन छोड़कर भाग गया।
दिव्या सोलंकी के पिता रमेश सोलंकी हाल ही में पुलिस विभाग से एसआई के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि युवक और युवती घरवालों को बिना बताए घर से निकल गए थे।
हादसा नर्मदा ब्रिज के पास हुआ। सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधनी थाना प्रभारी चैनसिंह रघुवंशी ने बताया कि मृतकों की पहचान नर्मदापुरम निवासी रूपेश शर्मा और दिव्या सोलंकी के रूप में हुई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपे गए
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुँचे। उन्हें अचानक हुए इस हादसे पर यकीन ही नहीं हो रहा था। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर गहरा रोष है। कई लोगों का कहना है कि हाईवे पर गति नियंत्रण और यातायात निगरानी की व्यवस्था बेहद कमजोर है। अगर समय रहते ट्रक चालक पर लगाम लगा दी जाती तो यह हादसा टल सकता था।
Next Story