मध्य प्रदेश

Shahdol :ऑटो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा,आठ लोग घायल

Sarita
29 July 2025 8:15 AM IST
Shahdol :ऑटो अनियंत्रित होकर  गहरी खाई में गिरा,आठ लोग घायल
x
Shahdol शहडोल: शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के पटखाई घाट पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक मुस्लिम परिवार मेंडियारास गाँव से अपने रिश्तेदार के यहाँ से लौटते हुए खैरहा जा रहा था। रास्ते में ऑटो अनियंत्रित होकर 25 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में घायल हुए आठ लोगों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, खैरहा थाना क्षेत्र निवासी एक मुस्लिम परिवार सोमवार को मेंडियारास गाँव से अपने रिश्तेदारों से मिलकर लौट रहा था। शाम को जब ऑटो पटखाई घाट की ढलान से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद ऑटो में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर वहाँ से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना प्रभारी एम.एल. रागडाले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। ऑटो के खाई में होने के कारण तत्काल बचाव कार्य शुरू करने में थोड़ी देरी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सिंहपुर अस्पताल पहुँचाया गया।हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Next Story