- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई: पासपोर्ट घोटाले...
मुंबई: पासपोर्ट घोटाले में CBI ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Maharashtra महाराष्ट्र: सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) ने मुंबई के लोअर परेल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) के एक अधिकारी और एक एजेंट को गिरफ्तार किया है। इन पर रिश्वत लेकर जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट जारी करने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए अधिकारी का नाम अक्षय कुमार मीना है, जो PSK में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट और वेरिफिकेशन ऑफिसर के रूप में काम कर रहे थे। जबकि दूसरा आरोपी, भवेश शंतिलाल शाह, एक एजेंट है।
सीबीआई के अनुसार, आरोपियों ने 2023-2024 के बीच आपराधिक साजिश रचते हुए जाली दस्तावेजों पर पासपोर्ट जारी किए। जांच में पता चला कि सात व्यक्तियों ने जाली दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण और जन्म प्रमाणपत्र पासपोर्ट आवेदन में पेश किए थे, जो सभी जाली पाए गए।
आगे की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के बीच जाली पासपोर्ट आवेदनकर्ताओं को लेकर अवैध धनराशि का लेन-देन हुआ था। पासपोर्ट आवेदन के बाद पुलिस सत्यापन रिपोर्ट में पते भी जाली पाए गए, जिससे घोटाले का पर्दाफाश हुआ।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें सीबीआई की हिरासत में 2 जून तक भेज दिया गया है।





