महाराष्ट्र

Mumbai: भारत के सपनों को आकार दे रहा महाराष्ट्र: फडणवीस

Admindelhi1
15 Aug 2025 6:53 PM IST
Mumbai: भारत के सपनों को आकार दे रहा महाराष्ट्र: फडणवीस
x

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि विकसित भारत के सपने में विकसित महाराष्ट्र अपना विशेष योगदान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मात्र एक दशक में भारत ने दुनिया की ग्यारहवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की लंबी छलांग लगाई है। आज महाराष्ट्र राज्य भारत की संपूर्ण विकास श्रृंखला में बहुत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री फडणवीस देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मंत्रालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के अवसर पर भारतीय सेना ने पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि भारत की ताकत क्या है? इस ऑपरेशन सिंदूर के कारण दुनिया को भी समझ में आया है कि नया भारत क्या होता है? इसलिए, मैं ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले सभी सैन्य अधिकारियों और सैनिकों को बधाई और धन्यवाद देता हूँ। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। उसके बाद उन्होंने मंत्रालय में राजमाता जिजाऊ, छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले, भारत रत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमाओं का अभिवादन किया।

इस अवसर पर बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे, मुख्य सचिव राजेश कुमार, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती अमृता फडणवीस, चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष रजनीश सेठ, मुख्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे, पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओ.पी. गुप्ता, प्रोटोकॉल विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर, मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगरानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अश्विनी भिडे सहित विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Next Story