राजस्थान

जयपुर में मासूम के अपहरण से हड़कंप, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

Admindelhi1
17 Oct 2026 5:17 PM IST
जयपुर में मासूम के अपहरण से हड़कंप, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
x
जयपुर में बाइक सवार बदमाशों ने मासूम का किया अपहरण

जयपुर: शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के बीलवा में छह साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। जहां बाइक पर आए हेलमेट पहने दो बदमाश मासूम को जबरन उठाकर ले गए। बच्चा अपनी 16 वर्षीय चचेरी बहन के साथ घर के पास स्थित आरओ प्लांट पर पानी लेने गया था। बहन के शोर मचाने के बावजूद बदमाश बच्चे को बाइक पर बीच में बैठाकर फरार हो गए। वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों बदमाश बच्चे को ले जाते नजर आए हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कराकर फुटेज के आधार पर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी एएसआई घनश्याम ने बताया कि बीलवा निवासी 27 वर्षीय युवक ने बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी के अनुसार, उसकी 25 वर्षीय पत्नी 6 जुलाई 2026 को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इस संबंध में शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिवादी का आरोप है कि करीब तीन महीने बीतने के बाद भी पत्नी का पता नहीं चला है।

परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने पत्नी के नाम करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति कर रखी है। उसका आरोप है कि उसके दोस्त राकेश ने विश्वास में लेकर पत्नी को अपने साथ ले जाने में भूमिका निभाई। काफी तलाश के बावजूद दोनों का पता नहीं चला। परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि दोस्त के परिवार की ओर से उसे धमकाया गया और परिचितों के माध्यम से पत्नी को वापस लौटाने के बदले पांच लाख रुपए की मांग की गई।

परिवादी के अनुसार उसका छह साल का बेटा निजी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ता है। शुक्रवार को स्कूल से लौटने के बाद वह घर पर था। दोपहर करीब 3:15 बजे वह उसकी 16 वर्षीय भतीजी के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित आरओ प्लांट पर पानी लेने गया। इसी दौरान बाइक पर हेलमेट लगाए दो बदमाश पहुंचे और बच्चे को जबरन उठा लिया। भतीजी के शोर मचाने पर भी बदमाश नहीं रुके और बच्चे को बाइक के बीच में बैठाकर फरार हो गए। भतीजी ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने सूचना मिलते ही नाकाबंदी कराई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो बदमाश बाइक पर बच्चे को ले जाते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार आरोपिताें ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी हटा रखी थी। पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। फुटेज के आधार पर आरोपिताें के आने-जाने के रास्तों का पता लगाकर उनकी तलाश की जा रही है।

Next Story