राजस्थान

अजमेर में 25 साल से रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक, पुलिस ने पकड़ा

nidhi
13 Oct 2026 6:49 AM IST
अजमेर में 25 साल से रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक, पुलिस ने पकड़ा
x
दरगाह क्षेत्र से पकड़ा गया संदिग्ध
अजमेर: राजस्थान के अजमेर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और सीआईडी की संयुक्त टीम ने दरगाह थाना क्षेत्र से 52 वर्षीय संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक गुलाम मुस्तफा को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में उसने करीब 25 साल पहले अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। इसके साथ ही अजमेर में अभियान के दौरान पकड़े गए संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की कुल संख्या 61 पहुंच गई है।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान गुलाम मुस्तफा के रूप में बताई है। वह बांग्लादेश के लालमुनिरहाट जिले के मुगलहाट गांव का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में सामने आया कि वह करीब 25 वर्ष पहले पश्चिम बंगाल के मुगलहाट सीमा क्षेत्र से भारत में दाखिल हुआ था। भारत आने के बाद उसने अलग-अलग राज्यों में समय बिताया और कई स्थानों पर काम करके अपना जीवनयापन किया।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गुलाम मुस्तफा सबसे पहले पश्चिम बंगाल में रहा था। वहां उसने कुछ समय तक एक किराने की दुकान में काम किया। इसके बाद वह ट्रेन से राजस्थान के अजमेर पहुंचा और दरगाह क्षेत्र में रहने लगा। पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई कि वह भारत के कई राज्यों में घूमता रहा। इस दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, असम, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों पर उसके रहने की बात सामने आई है। कुछ स्थानों पर रहने के बाद वह दोबारा अजमेर लौट आता था।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले वह फिर अजमेर आया था और दरगाह क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस अब उसके भारत में प्रवेश, पहचान और नागरिकता से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। अजमेर पुलिस और सीआईडी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुलाम मुस्तफा को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान के अंतर्गत की गई 27वीं कार्रवाई है। अभियान के दौरान अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के लिए पुलिस की टीमों ने दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क और तारागढ़ सहित कई इलाकों में तलाश की थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिलने पर उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन और वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य ऐसे विदेशी नागरिकों की पहचान करना है, जो भारत में रहने के लिए आवश्यक वैध दस्तावेजों के बिना निवास कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में संदिग्ध व्यक्तियों की नागरिकता और उनके भारत आने के तरीके की जांच की जा रही है। दरगाह थाना अधिकारी दिनेश जीवनानी ने बताया कि अजमेर में अब तक 61 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में उच्च स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुलाम मुस्तफा के मामले में भी पुलिस उसके द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन कर रही है। उसके भारत में प्रवेश करने के समय, विभिन्न राज्यों में रहने और पहचान संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। उसकी नागरिकता और अवैध प्रवेश से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story