
Tamil Nadu तमिलनाडु: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के उस बयान को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि 2026 में लोकसभा सीटों के परिसीमन के बाद तमिलनाडु में लोकसभा सीटों की संख्या 39 से घटकर 31 रह जाएगी।
स्टालिन के बयान को खारिज करते हुए अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने 2014-24 के दौरान राज्य को 5,08,337 करोड़ रुपये दिए थे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने स्टालिन पर निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन प्रक्रिया के बारे में गलत सूचना फैलाने का भी आरोप लगाया। इस मुद्दे पर अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु सहित किसी भी दक्षिणी राज्य द्वारा अपने निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करने पर संसद में सांसदों की संख्या कम नहीं होगी।
आज कोयंबटूर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद बोलते हुए अमित शाह ने राज्य में कानून-व्यवस्था की "विफलता" को लेकर सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु में राष्ट्र-विरोधी भावना हमेशा बनी रहती है।" उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ड्रग माफिया को नशीले पदार्थ बेचने की खुली छूट दी गई है और अवैध खनन माफिया यहां की राजनीति को भ्रष्ट कर रहा है। अमित शाह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, "सभी डीएमके नेताओं के पास भ्रष्टाचार में मास्टर डिग्री है।"





