उत्तर प्रदेश

जौनपुर में फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, कई दमकल गाड़ियों की मदद से पाया गया काबू

SHIDDHANT
28 Jun 2026 12:08 AM IST
जौनपुर में फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, कई दमकल गाड़ियों की मदद से पाया गया काबू
x
Jaunpur जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में फर्नीचर और घरेलू सामान के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राज प्रकाश राय ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल दो फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचने के बाद जब आग की गंभीरता का आकलन किया गया तो स्थिति काफी विकराल नजर आई। इसके बाद जिला स्तरीय फायर अलर्ट घोषित किया गया और जिले के सभी फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाराणसी से भी अतिरिक्त फायर टेंडर मंगाए गए। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक आग बुझाने का अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक आग अब काफी हद तक नियंत्रित कर ली गई है, हालांकि पूरी तरह बुझाने और कूलिंग ऑपरेशन का काम जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग गोदाम में रखे फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामान में फैल गई थी, जिससे लपटें तेजी से बढ़ीं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दमकल विभाग और प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
Next Story