- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ठाणे में चलती कार पर...
ठाणे में चलती कार पर गिरा भारी स्टील ढांचा, दो लोग घायल

मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोपरी ब्रिज पर शनिवार को दोपहर निर्माणाधीन पिलर का भारी स्टील का ढ़ांचा अचानक वहां से गुजर रही एक कार पर गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सफर कर रहे दो लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोपरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस घटना की छानबीन कोपरी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर में कोपरी ब्रिज पर एलिवेटेड रोड परियोजना के निर्माण कार्य जारी था। इसी दौरान निर्माणाधीन पिलर में इस्तेमाल होने वाला लोहे की छड़ों से बना भारी ढांचा अचानक वहां से गुजर रही कार पर जा गिरा। इस घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार दो लोगों के गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की छानबीन जारी है।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने आनंद नगर-साकेत एलिवेटेड रोड परियोजना के ठेकेदार पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही प्राधिकरण ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की जांच के भी आदेश दिए हैं। एमएमआरडीए ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण के मुताबिक, आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और परियोजना स्थलों पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।





