- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Mobile चैट से शुरू हुआ...
Mobile चैट से शुरू हुआ झगड़ा, महिला की निर्मम हत्या से फैली सनसनी

Jaunpur जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल चैट को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कथित तौर पर तीन टुकड़ों में काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से तमंचा, गड़ासा और चाकू बरामद किए गए हैं। यह पूरा मामला मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर बाईपास स्थित रानीपुर तिराहे के पास का बताया जा रहा है।
सीओ मड़ियाहूं विजय चौधरी के अनुसार, झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़ा संदिग्ध व्यक्ति रामनगर ब्लॉक गेट के पास देखा गया है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और रामनगर गांव की ओर भागते हुए नदी की तरफ पहुंचा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खखरिया उर्फ दिलीप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुजरात के भावनगर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।





