उत्तर प्रदेश

Firozabad: मोबाइल के लिए उतरे कुएं में, तीन युवकों ने गंवाई जान

Admindelhi1
25 Jun 2025 7:46 AM IST
Firozabad: मोबाइल के लिए उतरे कुएं में, तीन युवकों ने गंवाई जान
x

फिरोजाबाद: थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को एक बंद पड़े कुएं में मोबाइल निकालने उतरे तीन युवकों की मौत हो गई। आशंका है कि कुएं में जहरीली गैस बनने की वजह से तीनों की मौत हुई है। शिकोहाबाद के गांव नगला पोहपी निवासी ध्रुव कुमार (22) मंगलवार को खेत में बंद पड़े कुएं के पास खड़े होकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। ध्रुव के साथ उसके परिवार का ही अजय कुमार (25) और चंद्रवीर (28) भी थे। इसी दौरान ध्रुव का मोबाइल कुएं में गिर गया। जिसे निकालने के लिए ध्रुव कुएं में उतर गया।

काफी देर बाद भी जब ध्रुव बाहर नहीं निकला तो अजय और चंद्रवीर ने उसे आवाज दी। आवाज न आने पर ध्रुव की जानकारी लेने के लिए पहले अजय कुएं में उतर गया लेकिन अजय और ध्रुव की कोई हलचल न मिलने पर चंद्रवीर भी कुएं में उतर गया। इस तरह यह तीनों ही युवक कुएं में उतर गए और अचेत हो गए। तीनों युवकों के बाहर न निकलने पर किसी ने इसकी सूचना इनके घर वालों को दी। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गयी। जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी व दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने तीनों युवकों को बाहर निकाल कर तत्काल शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

तीन युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ है। परिजना रो-रो कर बेहाल हैं। अपर जिलाधिकारी विशु राजा ने बताया कि करीब साढ़े तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों युवकों के शवों को निकाल लिया गया है। पीड़ित परिवारों की दैवीय आपदा कोष से हर संभव मदद की जाएगी।

Next Story