- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: राजनगर में...
Ghaziabad: राजनगर में बिजली कटौती से परेशान लोग, सेक्टर 12 में हंगामे की स्थिति

गाजियाबाद: आंधी बारिश की वजह से राजनगर सेक्टर 12 में गुल हुई बिजली दूसरे दिन रात आठ बजे के बाद तक नहीं आने पर निवासियों ने जमकर प्रदर्शन किया। बिजली आपूर्ति सुचारु करने के लिए एसडीओ द्वारा डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। मामला तूल पकड़ने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
राजनगर सेक्टर 12 में आंधी की वजह से विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके बाद रात भर आपूर्ति नहीं हुई। सुबह पानी भी नहीं आया। दिन भर जब सेक्टर में ऊर्जा निगम की टीम नहीं पहुंची तो कॉलोनीवासियों ने आक्रोशित होकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। देर शाम जब ऊर्जा निगम के कर्मचारी लाइन ठीक करने के लिए पहुंचे तो कॉलोनीवासियों से कहासुनी हो गई। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि लाइन ठीक करने के नाम पर एसडीओ और कर्मचारियों की ओर से डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कर्मचारियों ने लाइन को ठीक करने का कार्य शुरू किया। मुख्य अभियंता जोन संख्या एक अशोक कुमार ने बताया कि एसडीओ पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। आंधी की वजह से कई स्थानों पर फॉल्ट हो गए थे। इस वजह से टीम देरी से पहुंच पाई।





