- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Modinagar: फरीदनगर में...
Modinagar: फरीदनगर में आउटसोर्सिंग कर्मचारी पर अभद्रता करने का आरोप

मोदीनगर: कस्बा फरीदनगर में सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय में तैनात एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी पर अभद्रता करने का आरोप लगा सोमवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सभासदों ने आरोप लगाया कि वह नगर पंचायत की नीलामी प्रक्रिया पर आपत्ति जताने कार्यालय गए थे, जहां कर्मचारी ने सभासद से बदसलूकी कर उन पर अशोभनीय टिप्पणी की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। सभासदों ने विधायक से मामले की शिकायत की है।
नगर पंचायत फरीदनगर के सभासद दिनेश सैनी, राकेश सैनी, बबलू गौतम, पिंकी देवी, गुलशन और शिवशंकर आदि ने मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री से की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत द्वारा की गई दुकानों की नीलामी नियम के खिलाफ है। आरोप है कि वह इसकी शिकायत करने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे तो वहां तैनात एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने उनके साथ बदसलूकी की और अशोभनीय टिप्पणी कर सभासद दिनेश सैनी को पिटाई की धमकी दी। आरोपी ने सभासद को धमकाया की मुझसे पंगा नहीं लेना वरना, मारत- मारते मोर बना दूंगा। इससे सभासदों में आक्रोश है। आक्रोशित सभासदों ने पहले नगर पंचायत कार्यालय फरीदनगर और फिर बाद में मोदीनगर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सभासदों ने आरोपी कर्मचारी पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर एसीपी को ज्ञापन दिया। सभासदों ने चेतावनी दी कि अगर आरोपी कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नगर पंचायत फरीदनगर के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्रा ने बताया कि दुकानों की नीलामी नियमानुसार की गई है। कुछ सभासद अपने लोगों को दुकानें देने का दबाव बना रहे थे। इच्छा पूरी नहीं होने पर मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।





