उत्तर प्रदेश

UP News: 10000 लीटर नकली घी जब्त, प्लांट सील

Sarita
8 March 2025 9:11 AM IST
UP News: 10000 लीटर नकली घी जब्त, प्लांट सील
x
UP News: होली का त्योहार नजदीक है. ऐसे में लोग एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटते हैं, लेकिन होली से पहले ही मिलावटखोरों ने मिलावट करना शुरू कर दिया है. इसको लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग भी सतर्क हो गया है. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के इमलिया गांव में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की, जहां टीम ने पार्श्वनाथ घी प्लांट पर छापा मारा. होली के नजदीक आते ही घी में मिलावट शुरू हो गई है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने पार्श्वनाथ घी प्लांट पर छापा मारा तो वहां से 10 हजार लीटर मिलावटी देसी घी बरामद हुआ. इस घी की कीमत करीब 50 लाख रुपये है. इस घी को तैयार करने के लिए केमिकल मिलाया जा रहा था|
मामले की जांच की गई तो यह भी सामने आया कि इसमें 27 लीटर देसी घी का फ्लेवर भी मिलाया गया था. इतना ही नहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी बनाने में इस्तेमाल होने वाले 27 घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उस प्लांट के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया है, जहां से 10 हजार लीटर मिलावटी देसी घी बरामद किया गया। अब और भी जगहों पर छापेमारी की जाएगी और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्लांट को भी किया गया सील
मिलावटी देसी घी बरामद करने और पार्श्वनाथ घी प्लांट के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराने के बाद प्लांट को भी सील कर दिया गया है। इससे अन्य उद्योगों को भी संदेश गया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि मिलावटी घी की शिकायतें मिल रही थीं। पार्श्वनाथ घी प्लांट पर छापेमारी की गई। 10 हजार लीटर मिलावटी देसी घी मिला है। प्लांट को सील कर दिया गया है। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे।
लोगों को यह न लगे कि मिलावटी घी नकली है, इसलिए वनस्पति और रिफाइंड को मिलाकर तैयार किए जा रहे घी में एसेंस मिलाया जा रहा था, जिसकी 25 से 30 बोतलें भी मिली हैं। सुरक्षा के लिए यहां 6-7 कुत्ते भी रखे गए थे। प्लांट से देसी घी के लाखों रैपर बरामद हुए, जिन्हें हरियाणा के नाम से पैक किया जा रहा था।
Next Story