- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- Murshidabad में हालात...
पश्चिम बंगाल
Murshidabad में हालात काबू में, हिंसाग्रस्त इलाकों में शांति
Tara Tandi
14 April 2025 12:25 PM IST

x
Kolkata कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के हिंसा प्रभावित इलाकों, खासतौर पर सुती, शमशेरगंज, धुलियान और जंगीपुर में सोमवार को स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। हिंसा प्रभावित इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में सड़कें सुनसान दिखीं और दुकानें बंद रहीं।
प्रभावित इलाकों में इंटरनेट बंद है, जबकि सुरक्षाबल मुख्य सड़कों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं। शुक्रवार अपराह्न से सुती, धुलियान, शमशेरगंज और जंगीपुर इलाकों में भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, लेकिन जिले में किसी नयी घटना की सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा के सिलसिले में शनिवार दोपहर तक कुल 180 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इन अशांत क्षेत्रों और आसपास की स्थिति शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है। मुर्शिदाबाद जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। पुलिस तैनात है और किसी को भी शांति भंग नहीं करने दी जाएगी।’’ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने राज्य सशस्त्र पुलिस और आरएएफ के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास की गलियों में फ्लैग मार्च किया।
अधिकारियों ने बताया कि झड़पों में कम से कम 18 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। हिंसा के दौरान पुलिस वैन समेत कई वाहनों में आगजनी की गई, सुरक्षाबलों और दुकानों पर पथराव किया गया तथा पुलिस बूथ भी जला दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित सैकड़ों लोगों ने भागीरथी नदी पार कर मालदा में शरण ली है। स्थानीय प्रशासन ने दंगा प्रभावित परिवारों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की है और उन्हें स्कूलों में आश्रय दिया है।
TagsMurshidabad हालात काबूहिंसाग्रस्त इलाकों शांतिMurshidabad situation under controlpeace in violence-hit areasजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





