पश्चिम बंगाल

West Burdwan: दुर्गापुर में बड़ा हादसा, बिजली पोल गिरने से मची अफरा-तफरी

Admindelhi1
17 July 2026 1:17 PM IST
West Burdwan: दुर्गापुर में बड़ा हादसा, बिजली पोल गिरने से मची अफरा-तफरी
x
दुर्गापुर रथयात्रा में हादसे से शोक की लहर, शिक्षिका की मौत

पश्चिम बर्दवान: रथयात्रा के दिन दुर्गापुर इस्पात नगरी में एक भयावह हादसे में 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका की मौत हो गई। घटना ए-ज़ोन स्थित आशीष मार्केट के पास हुई, जहां इस्कॉन की रथयात्रा के दौरान एक बिजली का पोल उखड़कर उनके सिर पर गिर गया। मृतका की पहचान आलोकलता चौधरी (65) के रूप में हुई है। वह रानाप्रताप रोड की निवासी थीं और एक सरकारी विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं। इसके साथ ही वह सर्व भारतीय गणतांत्रिक महिला समिति की सक्रिय कार्यकर्ता भी थीं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे आलोकलता चौधरी अपने घर से इस्कॉन की रथयात्रा देखने निकली थीं। इसी दौरान रथ का ऊंचा ध्वज पास में लगे बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल अपनी जगह से उखड़ गया और सीधे उनके सिर पर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, इस घटना को लेकर इस्कॉन प्रबंधन की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Next Story