
x
Delhi दिल्ली: मंगलवार को भारत और म्यांमार के बीच ड्रग कंट्रोल कोऑपरेशन को लेकर 8वीं द्विपक्षीय बैठक हुई। इस मीटिंग में भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनसीबी के डायरेक्टर जनरल अनुराग गर्ग ने किया। वहीं, म्यांमार के डेलिगेशन को सीसीडीएसी, म्यांमार के संयुक्त सचिव पोल. ब्रिगेडियर जनरल थांट ल्विन मौंग ने नेतृत्व किया। दोनों पक्षों ने इलाके में ड्रग ट्रैफिकिंग के बदलते हालात की समीक्षा की और इंटेलिजेंस शेयरिंग, कोऑर्डिनेटेड ऑपरेशन, प्रीकर्सर केमिकल कंट्रोल, सिंथेटिक ड्रग्स से निपटने, डार्कनेट से होने वाली ट्रैफिकिंग, गैर-कानूनी अफीम की खेती और कैपेसिटी बिल्डिंग में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
बातचीत के दौरान भारत और म्यांमार ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थों की तस्करी के साथ संगठित अपराध के खिलाफ सहयोग को और मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की। बता दें कि म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग 30 मई से 3 जून तक भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर हैं। राष्ट्रपति ह्लाइंग के साथ राष्ट्रपति कार्यालय, विदेश मंत्रालय, वित्त एवं राजस्व मंत्रालय, कृषि, पशुधन एवं सिंचाई मंत्रालय, उद्योग एवं लघु और मध्यम उद्यम विकास मंत्रालय के मंत्री और म्यांमार के केंद्रीय बैंक के गवर्नर भी साथ थे। कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा, बैंकिंग, निर्माण, आईटी, संचार, व्यापार और रसद सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ-साथ म्यांमार-भारत मैत्री संघ के सदस्य भी म्यांमार प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।
भारत के प्रधानमंत्री और म्यांमार के राष्ट्रपति ने 1 जून को वार्ता की, जिसमें उन्होंने पारस्परिक हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों की समीक्षा की और भविष्य के संबंधों के लिए रणनीति तैयार की। प्रधानमंत्री ने अतिथि के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया। उसी दिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने म्यांमार के राष्ट्रपति का स्वागत किया। इससे पहले, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने म्यांमार के राष्ट्रपति से अलग-अलग मुलाकात की। म्यांमार के राष्ट्रपति ने भारत के प्रधानमंत्री को आपसी सहमति से तय की गई तिथियों पर म्यांमार आने का निमंत्रण भी दिया।
Tagsभारत म्यांमार बैठकड्रग कंट्रोल कोऑपरेशनएनसीबीअनुराग गर्गथांट ल्विन मौंगनशा तस्करीडार्कनेट ड्रग्सप्रीकर्सर केमिकलसंगठित अपराधद्विपक्षीय सहयोगIndia Myanmar meetingdrug control cooperationNCBAnurag GargThant Lwin Maungdrug traffickingdarknet drugsprecursor chemicalsorganised crimebilateral cooperation
Next Story





