भारत

मौत को मात देकर लौटीं 65 वर्षीय महिला, भालू के हमले के बाद 2 किमी पैदल चलकर बचाई जान

SHIDDHANT
27 Jun 2026 11:59 PM IST
मौत को मात देकर लौटीं 65 वर्षीय महिला, भालू के हमले के बाद 2 किमी पैदल चलकर बचाई जान
x
भालू अटैक
Panna पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से साहस और जिजीविषा की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। यहां पाठा गांव के समीप जंगल में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला हल्की बाई पर एक खूंखार भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और मौत को मात देते हुए अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, हल्की बाई किसी काम से जंगल की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने महिला को दबोच लिया और लगातार हमला करता रहा। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गईं। माना जा रहा है कि भालू उन्हें मृत समझकर जंगल से चला गया।
होश आने के बाद भी हल्की बाई ने हार नहीं मानी। खून से लथपथ और दर्द से कराहती हुईं वह जंगल से बाहर निकलने के लिए संघर्ष करती रहीं। करीब दो किलोमीटर तक घिसटते और पैदल चलते हुए उन्होंने मुख्य सड़क तक पहुंचने में सफलता हासिल की। वहां से गुजर रहे लोगों ने उनकी हालत देख तुरंत मदद की और जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत
फिलहाल
स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोग हल्की बाई के साहस की जमकर सराहना कर रहे हैं। गंभीर चोटों के बावजूद जिस तरह उन्होंने हिम्मत दिखाई और जंगल से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, वह किसी मिसाल से कम नहीं है। उनकी बहादुरी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
Next Story