
x
युवती की मौत
कर्नाटक। बेंगलुरु के कॉटनपेट इलाके में एक लॉज में केरल की रहने वाली युवती की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान गंगा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम गोकुल बताया गया है। दोनों ने एक ही कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी और नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना कॉटनपेट थाना क्षेत्र के रीजेंसी इन लॉज में हुई। गंगा और गोकुल गुरुवार को लॉज के एक कमरे में ठहरे थे। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद गोकुल ने गंगा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में युवती को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को लॉज के कमरे और सीढ़ियों पर खून के निशान मिले हैं।
गांधीनगर के डीसीपी के. लक्ष्मी गणेश ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कॉटनपेट पुलिस को घटना की शिकायत मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, गंगा और गोकुल पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों ने नेलमंगला स्थित हर्षा कॉलेज में चार वर्षों तक नर्सिंग की पढ़ाई की थी। कॉलेज में गंगा, गोकुल की जूनियर थी। नर्सिंग का कोर्स पूरा करने के बाद दोनों रोजगार की तलाश में बेंगलुरु पहुंचे थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित संबंधों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती पर हमला कर दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। डीसीपी ने बताया कि घटना के संबंध में कॉटनपेट थाने में मामला दर्ज कर आरोपी गोकुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Next Story





