
x
किसान की दर्दनाक मौत
बीड। महाराष्ट्र के बीड जिले के आष्टी तालुका में बाघ के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना लोखंडवाड़ी-सोनेपठार इलाके की है। मृतक की पहचान देवळाली गांव निवासी देविदास टकले के रूप में हुई है। किसान अपने बेटे के साथ मवेशियों के लिए चारा काटने खेत में गया था। इसी दौरान बाघ ने अचानक पीछे से हमला कर दिया और किसान को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
जानकारी के अनुसार, देविदास टकले खेत में घास काट रहे थे, तभी बाघ ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। पिता को बाघ के चंगुल में देखकर बेटे ने जोर-जोर से शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर बाघ वहां से भाग गया, लेकिन तब तक किसान की मौत हो चुकी थी।
बाद में बेटे ने पिता की तलाश शुरू की। खेत में खून और घसीटने के निशान दिखाई देने पर ग्रामीणों को सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद पहाड़ी इलाके में किसान का शव बरामद हुआ। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले तीन वर्षों में आष्टी तालुका में बाघ और तेंदुए के हमलों से चार किसानों की मौत हो चुकी है। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बाघ को जल्द पकड़ने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि सूखे के कारण इलाके में पशुओं के चारे का संकट बना हुआ है। चारा शिविर शुरू नहीं होने से उन्हें खेतों और जंगल के आसपास जाना पड़ता है। स्थानीय मोहन आमटे ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वन विभाग कार्यालय के सामने आंदोलन किया जाएगा।
Next Story





