भारत

कचरे का पहाड़ बना मौत का मंजर, लैंडस्लाइड में 22 लोगों की दर्दनाक मौत

SHIDDHANT
23 Aug 2026 10:19 PM IST
कचरे का पहाड़ बना मौत का मंजर, लैंडस्लाइड में 22 लोगों की दर्दनाक मौत
x
भारी बारिश हादसा
GINI गिनी: राजधानी कोनाक्री में रविवार को हुए भीषण हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, शहर के सबसे बड़े कचरा डंपिंग स्थल दार एस सलाम में भारी मात्रा में जमा कचरे का पहाड़ी हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। गिनी की नागरिक सुरक्षा सेवा के प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे में दबे लोगों की संख्या बढ़ सकती है और राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद मृतकों का आंकड़ा बदल सकता है।
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे से इलाके में तेज बारिश हो रही थी। लगातार बारिश के कारण कचरे के ढेर पर दबाव बढ़ गया और अचानक लैंडस्लाइड जैसी स्थिति बन गई। कचरे का बड़ा हिस्सा नीचे गिरने से आसपास बनी झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए राहत अभियान चलाया जा रहा है। बचावकर्मी प्रभावित क्षेत्र में लोगों को सुरक्षित निकालने और लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, यह स्थान पहले से ही बंद किए जाने की योजना में था। सैन्य इंजीनियरिंग बटालियन के स्वच्छता अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादो बैलो ने बताया कि इस डंपिंग साइट को रविवार से बंद करने की तैयारी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि भारी बारिश के कारण स्थिति अचानक खराब हुई और लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कचरे के ढेर के नीचे दबे कई घरों और झोपड़ियों के कारण बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
गिनी की राजधानी कोनाक्री में कचरा प्रबंधन लंबे समय से एक चुनौती बना हुआ है। आबादी बढ़ने के साथ कचरे का दबाव भी बढ़ा है, जिसके कारण ऐसे स्थानों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Next Story