भारत

घर के अंदर जोरदार धमाका, महिला की मौत, फ्रिज के उखड़े दरवाजे

SHIDDHANT
8 Nov 2026 12:25 AM IST
घर के अंदर जोरदार धमाका, महिला की मौत, फ्रिज के उखड़े दरवाजे
x
क्राइम न्यूज़
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हथगाम कस्बे में एक मकान के अंदर हुए जोरदार धमाके से महिला की मौत हो गई। घटना वार्ड नंबर-2 की है, जहां विस्फोट से मकान की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर रखा फ्रिज भी बुरी तरह टूटा मिला। मृतका की पहचान 50 से 55 वर्षीय नसरीन के रूप में हुई है। फिलहाल धमाके की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हथगाम कस्बे में धमाके की सूचना यूपी-112 पर मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि मकान वसीम नामक व्यक्ति का है, जो अपनी पत्नी नसरीन, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहता है।
पुलिस के अनुसार, धमाके का प्रभाव मकान की छत पर बने बाथरूम और आसपास के हिस्से में दिखाई दिया। बाथरूम के नीचे रखा फ्रिज बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला और उसका दरवाजा भी उखड़ गया था। पुलिस फ्रिज के कंप्रेसर और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि मकान मालिक वसीम के पास आतिशबाजी निर्माण और बिक्री का लाइसेंस है। हालांकि लाइसेंसशुदा कारखाना मकान से लगभग 500 मीटर दूर स्थित है। पुलिस ने अभी विस्फोट का संबंध आतिशबाजी से होने की पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मौके का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों से बातचीत की। फॉरेंसिक और अग्निशमन टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, आसपास के मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना में कोई अन्य व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story