
x
अहमदाबाद मेट्रो का नया टाइम टेबल जारी
अहमदाबाद। गुजरात में नवरात्रि महोत्सव के दौरान गरबा खेलने वाले लोगों और देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (GMRC) ने अहमदाबाद मेट्रो की सेवाओं का समय बढ़ाने का फैसला किया है। 14 से 19 अक्टूबर 2026 तक मेट्रो की विशेष सेवाएं देर रात 2 बजे तक संचालित की जाएंगी। इस दौरान यात्रियों को 50 रुपये का विशेष पेपर टिकट खरीदना होगा। जीएमआरसी के अनुसार, सामान्य दिनों में अहमदाबाद मेट्रो का संचालन सुबह 6:20 बजे से रात 11 बजे तक होता है। लेकिन नवरात्रि के दौरान देर रात तक चलने वाले गरबा कार्यक्रमों को देखते हुए मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाया गया है।
नए शेड्यूल के अनुसार, वस्त्रल गाम से थल्तेज गाम और एपीएमसी से कोटेश्वर रोड कॉरिडोर पर ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। वहीं, एपीएमसी से सेक्टर-1 कॉरिडोर पर देर रात निर्धारित समय के दौरान हर घंटे मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी। वस्त्रल गाम से आखिरी ट्रेन रात 2 बजे और थल्तेज गाम से रात 2:12 बजे रवाना होगी। इसी तरह एपीएमसी से कोटेश्वर रोड कॉरिडोर पर आखिरी ट्रेन एपीएमसी से रात 2:14 बजे और कोटेश्वर रोड से रात 2:07 बजे चलेगी।
एपीएमसी से सेक्टर-1 कॉरिडोर पर आखिरी ट्रेन एपीएमसी से रात 12:44 बजे और सेक्टर-1 से रात 12:38 बजे रवाना होगी। जीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि विस्तारित समय के दौरान यात्रा करने के लिए केवल 50 रुपये का विशेष पेपर टिकट मान्य होगा। यह टिकट सभी मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगा और एक बार की यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं, नवरात्रि के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर अहमदाबाद पुलिस भी सतर्क है। पुलिस के अनुसार, शहर में 4,300 सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रैफिक पर नजर रखी जा रही है। इनमें स्मार्ट सिटी परियोजना के 3,300 और निर्भया परियोजना के 1,000 कैमरे शामिल हैं।
पुलिस को 11 अक्टूबर को ट्रैफिक जाम की तीन, 12 अक्टूबर को नौ और 13 अक्टूबर को पांच शिकायतें मिली थीं। पुलिस के अनुसार, सभी शिकायतों पर 10 मिनट से कम समय में कार्रवाई की गई। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 49 एसएचई टीम वाहन, 12 अभयम हेल्पलाइन वाहन, 49 विशेष गरबा वाहन और 129 पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती तीन दिनों में मदद मांगने वाली चार महिलाओं को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। गरबा आयोजन स्थलों पर विशेष निगरानी भी रखी जा रही है।
Next Story





