भारत

BIG BREAKING: कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा वाले कैफे पर हमलावरों ने की फायरिंग

Shantanu Roy
10 July 2025 6:55 PM IST
BIG BREAKING: कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा वाले कैफे पर हमलावरों ने की फायरिंग
x
वीडियो हुआ वायरल
New Delhi. नई दिल्ली। भारत के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा से जुड़ी एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। कनाडा के सरे (Surrey) शहर में स्थित उनके नए कैफे "Caps Café" पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को रात के अंधेरे में कैफे की खिड़कियों पर गोलियां बरसाते हुए देखा जा सकता है। इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के सदस्य और भारत में NIA के मोस्ट वांटेड आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी ने ली है। लाडी ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर कपिल शर्मा की कुछ कथित टिप्पणियों को इस हमले का कारण बताया है, हालांकि इस बारे में अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

कई राउंड फायरिंग, कैफे और घरों की दीवारों पर दिखे गोलियों के निशान
जानकारी के अनुसार, कपिल शर्मा ने हाल ही में कनाडा के सरे शहर में “Caps Café” के नाम से अपना नया रेस्टोरेंट-कम-कैफे शुरू किया था। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कैफे पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इतना ही नहीं, कैफे के आसपास बने रिहायशी इलाकों की दीवारों पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल को घेर कर जांच शुरू कर दी है। मौके से गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। राहत की बात यह है कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
गैंगवार, निजी रंजिश या टारगेटेड अटैक? सभी पहलुओं की जांच जारी
पुलिस और जांच एजेंसियां इस घटना को लेकर गंभीरता से जांच कर रही हैं। यह हमला किसी गैंगवार का हिस्सा है, निजी रंजिश का नतीजा है या कपिल शर्मा को लक्षित कर किया गया एक साजिशन हमला, इस पर कई पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। इस हमले के बाद कनाडा में बसे भारतीय समुदाय में भारी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। खासकर भारतीय सेलिब्रिटीज़ की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि कपिल शर्मा भारत के सबसे लोकप्रिय टीवी कलाकारों में से एक हैं और उनका शो ‘द कपिल शर्मा शो’ दुनियाभर में देखा जाता है। हाल ही में उन्होंने अपने ब्रांड को इंटरनेशनल लेवल पर ले जाते हुए यह कैफे शुरू किया था। फिलहाल, इस हमले को लेकर कपिल शर्मा या उनके मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Next Story