भारत

BIG BREAKING: IndiGo फ्लाइट में हाईजैक की धमकी

SHIDDHANT
8 Nov 2026 12:07 AM IST
BIG BREAKING: IndiGo फ्लाइट में हाईजैक की धमकी
x
कर्नाटक। बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने से शनिवार को हड़कंप मच गया। विमान के वॉशरूम में धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने तत्काल सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दी और विमान को वापस बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया। घटना के बाद केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-451 शनिवार, 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट में एक संदिग्ध नोट मिला। इसमें विमान को हाईजैक करने की धमकी लिखी हुई थी। नोट मिलते ही विमान के चालक दल ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
पायलट ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और विमान को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विमान को अन्य गतिविधियों से अलग कर एंटी-सैबोटाज जांच सहित व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
घटना को लेकर इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा संबंधी खतरे की सूचना मिलते ही निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार अधिकारियों को सूचित किया गया। आवश्यक सुरक्षा जांच के लिए विमान को वापस बुलाया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। प्रभावित यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है और उन्हें स्थिति की जानकारी दी जा रही है। सभी जरूरी सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद विमान को दोबारा लखनऊ रवाना किया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा नोट विमान में किसने रखा था। इंडिगो ने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
Next Story