भारत
धनतेरस की रात खूनी खेल: पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने बरसाईं गोलियां, एक की मौत
jantaserishta.com
7 Nov 2026 10:31 AM IST

x
हत्या से सनसनी.
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। वह सेक्टर-21सी स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी राष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। दो दिन पहले ही वह अपने परिवार के पास लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
बताया जा रहा है कि वारदात वाली रात आठ बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे सूर्य के साथ गाली-गलौज की थी। इस दौरान गेट तोड़ने का आरोप भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि आरोपी फाइनेंस का काम करता है।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूसों के खोल बरामद कर जांच के लिए कब्जे में ले लिए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौके पर 15 से 16 राउंड फायरिंग हुई थी।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि परमजीत को कई गोलियां लगी थीं। आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी तरह की एक बहस के बाद फायरिंग की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





