भारत

भाई बने कसाई: बहन को उतारा मौत के घाट, पेट्रोल डालकर शव जलाया

jantaserishta.com
17 Jun 2024 10:58 AM IST
भाई बने कसाई: बहन को उतारा मौत के घाट, पेट्रोल डालकर शव जलाया
x
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करके किया।
लखनऊ: लखनऊ के काकोरी में दो सगे भाइयों ने अपनी बहन को दूसरे धर्म के युवक से प्रेम की सजा में मौत दे दी। उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया फिर पेट्रोल डालकर शव जला दिया। मामले का खुलासा रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करके किया। पुलिस ने बताया कि युवती 30 मई से लापता थी। वह दूसरे धर्म के युवक से प्रेम करती थी। परिवारीजनों ने उससे मिलने से मना किया था लेकिन वह नहीं मानी। इस पर ही दोनों भाई उसे मौसी की तबियत खराब बताकर हरदोई के अतरौली ले गये और उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसका शव पेट्रोल डालकर जला दिया था। युवती के कई दिन तक न दिखने पर पड़ोसियों ने घर वालों से उससे कई बार पूछा लेकिन सब गोल मोल जवाब देकर उन्हें टालते
रहे थे।
हरदोई के एएसपी पूर्वी नृपेंद्र सिंह के मुताबिक काकोरी स्थित कायस्थाना निवासी बिट्टी उर्फ संगीता का शव अतरौली में पड़ा मिला था। सीसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। उसके भाई दुर्गेश सैनी और शंकर उर्फ रवि की भूमिका संदिग्ध लगी तो दोनों को हिरासत में ले लिया गया। दोनों ने पुलिस को पहले बरगलाया लेकिन पुलिस ने कुछ तथ्य सामने रखे तो वह टूट गये। उन्होंने हत्या का पूरा सच बता दिया। एएसपी के मुताबिक दोनों भाइयों ने बताया कि उसकी बहन बिट्टी गैर समुदाय के युवक से प्रेम करती थी। परिवार इसका विरोध कर रहा था। कई बार मिलने से मना किया लेकिन वह नहीं मानी। इसी बात से खफा होकर 30 मई को मौसी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर उसे कार में लेकर अतरौली आए। यहां पवैया गांव से गहडोल मार्ग पर बिट्टी को उतारा और गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसके शव को पतवार से ढककर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची थी तो पता चला कि एक कार से दो लोग आये थे। ग्रामीणों ने दोनों युवकों का हुलिया भी पुलिस को बताया था। पुलिस ने फुटेज खंगालने शुरू किए तो एक स्थान पर कार और बताए गए हुलिया जैसे दो युवक दिखे। इसके जरिये ही पुलिस उनके लखनऊ, काकोरी स्थित घर तक पहुंच गई थी।
काकोरी में जब इस खुलासे का पता चला तो पड़ोसी हैरान रह गये। पड़ोसियों ने बताया कि बिट्टी हाईस्कूल की छात्रा थी। उसके चार भाई रोहन, गोविन्द,सूरज व अतुल हैं। पिता प्यारेलाल का दो साल पहले निधन हो चुका है। लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले बिट्टी अपने प्रेमी के साथ चली भी गई थी। पर, घर वाले उसे समझाबुझा कर घर ले आये थे। वह बाद में शादी की जिद पर अड़ गई। पड़ोसियों ने बताया कि दूसरे धर्म के युवक से शादी की बात पर इनके घर में विवाद होता था लेकिन यह कभी नहीं लगा कि दोनों भाई इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story