भारत

450 करोड़ के स्टेशन, प्लेटफॉर्म पर भैंसें और गोबर, वायरल हुआ वीडियो

SHIDDHANT
7 Oct 2026 12:25 AM IST
450 करोड़ के स्टेशन, प्लेटफॉर्म पर भैंसें और गोबर, वायरल हुआ वीडियो
x
भोपाल। देश के वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशनों में शामिल रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो भैंसें स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर घूमती दिखाई दे रही हैं। वे यात्रियों के बीच से गुजरते हुए ट्रेन के बिल्कुल पास तक पहुंच जाती हैं, जिससे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
रानी कमलापति स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और एयरपोर्ट जैसी व्यवस्थाओं के लिए जाना जाता है। इसके निर्माण और विकास पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात कही जाती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म तक पशुओं का पहुंच जाना लोगों के लिए हैरानी का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि दोनों भैंसें बिना किसी रोक-टोक के प्लेटफॉर्म पर टहल रही हैं। इसी दौरान एक भैंस के प्लेटफॉर्म पर गोबर करने की बात भी सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्टेशन पर सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था के बावजूद पशु प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंच गए। रेलवे स्टेशन पर आमतौर पर प्रवेश और निकास पर निगरानी रहती है, ऐसे में इस तरह की घटना ने प्रबंधन की सतर्कता पर बहस छेड़ दी है।
घटना से किसी यात्री को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रेन के इतने करीब बड़े पशुओं का पहुंचना संभावित खतरा माना जा रहा है। इससे दुर्घटना का जोखिम भी पैदा हो सकता था। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर रेलवे की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना ने एक बार फिर स्टेशन परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और पशुओं की आवाजाही रोकने के इंतजामों पर ध्यान खींचा है।
Next Story