भारत

कहीं कॉकरोच तो कहीं मक्खियां, 27 फूड आउटलेट पर FDA का बड़ा एक्शन

SHIDDHANT
23 Nov 2026 10:42 PM IST
कहीं कॉकरोच तो कहीं मक्खियां, 27 फूड आउटलेट पर FDA का बड़ा एक्शन
x
मुंबई। महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। 22 और 23 नवंबर को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान मुंबई और पुणे समेत विभिन्न इलाकों में 27 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित कर दिए गए। इस कार्रवाई में मुंबई यूनिवर्सिटी की कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया, जहां कई गंभीर खामियां सामने आईं।
FDA की टीम ने मुंबई यूनिवर्सिटी के फोर्ट परिसर स्थित कैंटीन की जांच की। यहां फ्रिज में खाद्य पदार्थ सही तरीके से नहीं रखे गए थे। खाने की सामग्री के पास खुले डस्टबिन और रसोई में सफाई के केमिकल मिले। कर्मचारियों ने निर्धारित यूनिफॉर्म नहीं पहनी थी। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं थी।
जांच में कैंटीन बिना वैध फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के संचालित पाई गई। इसके बाद संबंधित वेंडर से एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। मुंबई में छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें मराठा चिकन सप्लायर्स, वेलवेट फाइन चॉकलेट्स, शेन-इलाही बेकरी, ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी, क्योरफूड्स इंडिया और नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया शामिल हैं। जांच के दौरान कई जगहों पर कॉकरोच, मक्खियां और गंदगी मिली।
पुणे डिवीजन में भी 21 होटल, रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट के लाइसेंस निलंबित किए गए। इसके अलावा FDA ने प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 34.56 लाख रुपये से अधिक का स्टॉक जब्त किया। अभियान में चार FIR दर्ज हुईं और एक आरोपी गिरफ्तार किया गया। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story