
x
17 घायल
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में धनतेरस के दिन एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर में कोल्हाघाट पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के बरिगवां गांव के ग्रामीण हरदोई जिले के रायपुर मठिया से मुंडन संस्कार कराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। ट्रॉली में बड़ी संख्या में लोग सवार थे। इसी दौरान कोल्हाघाट पुल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसमें सवार कई लोग नीचे दब गए।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज की जरूरत बताई गई है। मृतकों में 10 वर्षीय काजल, 50 वर्षीय सुशीला, 22 वर्षीय रूबी और 40 वर्षीय सुनीता शामिल हैं। इसके अलावा करीब 58 वर्षीय एक अज्ञात महिला की भी मौत हुई है। सभी मृतक बरिगवां गांव के निवासी बताए गए हैं।
ट्रक छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। धनतेरस के दिन हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
Next Story





