
x
शाही परिवार में शोक, शासक के छोटे भाई शेख अहमद का निधन
Dubai दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई अमीरात से बड़ी खबर सामने आई है। दुबई के शासक और UAE के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। शेख अहमद के निधन के बाद दुबई में 10 दिन के आधिकारिक शोक की घोषणा की गई है। इस दौरान पूरे अमीरात में सरकारी और सार्वजनिक स्थानों पर लगे झंडे आधे झुके रहेंगे। शाही परिवार ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अपने भाई को याद करते हुए भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शेख अहमद अब भले ही आंखों से दूर हैं, लेकिन वे हमेशा दिल और दुआओं में मौजूद रहेंगे। शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम दुबई के शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य थे। उन्होंने लंबे समय तक अमीरात के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभाई। उनके निधन से शाही परिवार और दुबई के नागरिकों में शोक की भावना है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन पर दुख जताया। उन्होंने दुबई के शाही परिवार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। दुबई में शेख अहमद के योगदान को याद किया जा रहा है। उनके निधन के बाद अमीरात में आधिकारिक स्तर पर शोक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संयुक्त अरब अमीरात में शाही परिवार के सदस्यों के निधन पर विशेष सम्मान और परंपराओं के अनुसार शोक मनाया जाता है। 10 दिन की शोक अवधि के दौरान सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा। शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन की खबर के बाद दुनियाभर से उनके लिए श्रद्धांजलि संदेश आ रहे हैं। कई नेताओं और गणमान्य लोगों ने दुबई के शाही परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Next Story





