
x
सागर। शहर के तहसील इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मासूम बच्चा अचानक कार के अंदर लॉक हो गया। कार की चाबी भी अंदर ही रह गई थी, जिससे बाहर से गेट नहीं खुल सका। बच्चे को कार में फंसा देखकर परिजन घबरा गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता उसे स्कूल छोड़ने के लिए कार से निकले थे। रास्ते में उन्हें स्टेशनरी का कुछ सामान खरीदना था। इसके लिए उन्होंने कार एक दुकान के पास रोकी। बच्चा कार की ड्राइवर सीट पर बैठा रहा, जबकि पिता सामान लेने दुकान में चले गए। इसी दौरान चाबी कार के अंदर ही लगी रह गई। बताया जा रहा है कि बच्चे ने खेल-खेल में कार को अंदर से लॉक कर लिया। कुछ देर बाद पिता जब वापस लौटे तो उन्होंने कार का गेट खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्हें पता चला कि बच्चा अंदर बंद हो गया है।
स्थिति देखकर पिता ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। लोग शीशे के पास जाकर बच्चे को अंदर से लॉक खोलने के लिए समझाते रहे, लेकिन बच्चा घबराने लगा और स्थिति को ठीक से समझ नहीं पाया। जैसे-जैसे समय बीतता गया, परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती गई। लोग बच्चे को शांत रखने की कोशिश करते रहे और लॉक खोलने के अलग-अलग तरीके तलाशते रहे।
काफी मशक्कत के बाद आखिरकार कार का लॉक खोल लिया गया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर आते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी तरह की चोट या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों को कार में अकेला छोड़ने और चाबी वाहन के अंदर छोड़ने के खतरे की ओर ध्यान खींचा है।
Next Story





